गांधी जयंती पर तेजगढ़ में चला स्वच्छता अभियान, श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

तेजगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत तेजगढ़ में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान करते हुए सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वच्छता अभियान के तहत हनुमान मंदिर परिसर, बाबा महाराज परिसर एवं तेजगढ़ थाना परिसर में सफाई की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने आसपास के क्षेत्रों से कचरा हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। ग्रामीणों से अपने घरों के साथ-साथ मोहल्ले और गांव को भी स्वच्छ रखने की अपील की गई।

इस अवसर पर कवि चन्द्रभान सिंह लोधी ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत हमें अपने घर से करनी होगी। जब प्रत्येक व्यक्ति अपना घर स्वच्छ रखेगा, तभी मोहल्ला और गांव भी स्वच्छ बनेगा।
सरपंच प्रतिनिधि विनयंज जैन ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित होने से खुशी हुई। वहीं पूर्व सरपंच फरमान खान ने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक दीपचंद मालवीय ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम लगातार किए जाते हैं। महात्मा गांधी ने स्वच्छता और स्वच्छ समाज की जो राह दिखाई है, उस पर चलते हुए हमें अपने आसपास के स्थानों को साफ-सुथरा रखना चाहिए।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि विनयंज जैन, पूर्व सरपंच फरमान खान, कवि चन्द्रभान सिंह लोधी, समदई उपसरपंच सुनील शाह, जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक दीपचंद मालवीय, नवांकुर संस्था से रामकुमार राय, परामर्शदाता संकेत नामदेव, प्रस्फुटन समिति तेजगढ़ से दर्शन नामदेव, राजा रैकवार, प्रांजुल नामदेव, मोहन आदिवासी, पूरन सिंह लोधी, नीलेश सिंह लिम्मरदार, जगत सिंह लोधी, रूपसिंह लिम्मरदार, जशपाल, जनमेजय गौतम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
