खुले आंगनबाड़ी केंद्र में लापरवाही का आरोप, दरवाजे खुले छोड़ कार्यकर्ता-सहायिका गायब

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में लापरवाही के आरोप सामने आ रहे हैं। ग्राम सारसबगली रैयत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 104 को लेकर स्थानीय लोगों ने केंद्र नियमित रूप से संचालित नहीं होने की शिकायत की है।

शिकायत की वास्तविकता जानने के लिए जब टीम ने दोपहर करीब 11:45 बजे आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया, तो केंद्र का दरवाजा खुला मिला, लेकिन मौके पर एक भी बच्चा मौजूद नहीं था। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका भी केंद्र पर मौजूद नहीं मिलीं।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र को सुबह खोल दिया जाता है, लेकिन इसके बाद कार्यकर्ता और सहायिका वहां मौजूद नहीं रहतीं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कभी-कभार बच्चे आंगनबाड़ी पहुंचते हैं तो उन्हें निर्धारित नाश्ता नहीं मिल पाता और भोजन के नाम पर केवल एक-दो रोटियां ही दी जाती हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। यदि केंद्र नियमित रूप से संचालित नहीं होगा तो बच्चों के विकास और शासन की योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को मिलने वाली स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की नियमितता पर भी सवाल उठाए हैं।

सहायिका ने बताया—दवाई कराने जबलपुर गई थी

आंगनबाड़ी सहायिका पदमा अहिरवार ने बताया कि उनके केंद्र में 3 से 6 वर्ष तक के कुल 22 बच्चे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी दवाई कराने के लिए जबलपुर गई थीं और उनके द्वारा कोई छुट्टी नहीं ली गई थी।

वहीं प्रभारी परियोजना अधिकारी राजू नामदेव ने बताया कि वह संबंधित सुपरवाइजर से जानकारी लेकर मामले की स्थिति बताएंगे।

अब सवाल यह है कि निरीक्षण के समय आंगनबाड़ी केंद्र खुला होने के बावजूद वहां बच्चे और जिम्मेदार कर्मचारी क्यों मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा आंगनबाड़ी केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!