तारादेही हाईस्कूल चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 5.04 लाख का सामान बरामद

दो आरोपी गिरफ्तार, कंप्यूटर लैब से चोरी हुए 10 मॉनिटर-सीपीयू सहित प्रिंटर व अन्य सामग्री जब्त
तेंदूखेड़ा। तारादेही के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कंप्यूटर लैब में हुई करीब 5 लाख 4 हजार रुपये की चोरी का पुलिस ने 2 सितंबर को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, विद्यालय के प्राचार्य स्वदेश कुमार नेमा ने 1 सितंबर को थाना तारादेही पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 29 अगस्त से 31 अगस्त 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने विद्यालय की कंप्यूटर लैब में घुसकर 10 मॉनिटर एवं सीपीयू, 2 प्रिंटर, कंप्यूटर की-बोर्ड और माउस चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5,04,000 रुपये बताई गई थी।
रिपोर्ट के आधार पर थाना तारादेही में अपराध क्रमांक 90/2026, धारा 305(E) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर अनारी गौड़ (28) पिता रामप्रसाद गौड़ और सुरेश गौड़ (19) पिता तुलसीराम गौड़, दोनों निवासी ग्राम तारादेही, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर करीब 5.04 लाख रुपये कीमत का चोरी गया पूरा मसरूका बरामद किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. आलोक तिरपुड़े, उनि. रमेश मुडरया सहित थाना तारादेही के पुलिसकर्मियों और साइबर सेल के आरक्षक मयंक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
