छोटी खेर माता मंदिर में बजरंग दल का निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 50 से अधिक लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

तेंदूखेड़ा। विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल प्रखंड तेंदूखेड़ा द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत छोटी खेर माता मंदिर परिसर में एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 50 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में योग्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी तथा जरूरतमंदों को आवश्यक चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई। आयोजन का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सेवा भाव को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ जिला संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य भी उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज सेवा संगठन की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से सेवा सप्ताह के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने “एकजुट समाज, सशक्त राष्ट्र, समृद्ध भारत” के संकल्प को दोहराते हुए समाजहित में निरंतर सेवा कार्य करते रहने का संकल्प लिया। आयोजन को क्षेत्रवासियों ने सराहा और भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
