सेवा सप्ताह के तहत बजरंग दल ने किया पौधारोपण, बारिश के बीच मुक्तिधाम में लगाए 11 पौधे

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने के उद्देश्य से बजरंग दल द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत 51 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में बुधवार को बारिश के बीच नगर के मुक्तिधाम परिसर में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने 11 पौधों का रोपण किया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन के लिए प्राणवायु (ऑक्सीजन) का सबसे बड़ा स्रोत हैं। वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी, अनियमित वर्षा, अत्यधिक ठंड तथा जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं का मुख्य कारण लगातार हो रही वनों की कटाई और घटती हरियाली है। यदि समय रहते अधिक से अधिक पौधे नहीं लगाए गए और उनका संरक्षण नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ सकता है।

बजरंग दल के सदस्यों ने बताया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका कम से कम पाँच वर्षों तक संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि वे विकसित होकर बड़े वृक्ष बन सकें। संगठन का उद्देश्य केवल 51 पौधे लगाना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना भी है।

संगठन ने आमजन से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम दो पौधे अवश्य लगाए तथा उनकी नियमित देखभाल करे। साथ ही खेतों की मेड़, विद्यालय परिसर, मंदिर, मुक्तिधाम और अन्य खाली पड़ी सार्वजनिक भूमि पर अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने में सहयोग करें।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह भविष्य के लिए नए जंगल तैयार करे, क्योंकि लगातार कम होते वन क्षेत्र और बढ़ते प्रदूषण के बीच वृक्षारोपण ही पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि प्रत्येक नागरिक पौधारोपण और उनके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों