बेटे पर मां को जिंदा जलाने का आरोप, घर में आग से बुजुर्ग महिला की मौत

:
तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सेहरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक घर में आग लगने से 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान हल्ली पत्नी हरिराम यादव के रूप में हुई है। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 से 11 बजे के बीच अचानक घर में आग भड़क उठी। आग की तेज लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। ग्रामीणों ने ब्यारमा नदी से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं तेंदूखेड़ा से पहुंची फायर ब्रिगेड ने भी आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर के अंदर मौजूद महिला की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि आग के बाद कच्चे मकान का मलबा भी महिला के ऊपर गिर गया था।
घटना की सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई थी। रविवार सुबह एसडीओपी अर्चना अहीर और थाना प्रभारी भी घटनास्थल पहुंचे और मलबे में दबे शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुत्र पर लगे गंभीर आरोप
सूत्रों और ग्रामीणों के अनुसार, मृतका अपने बेटे के साथ घर में रहती थी। ग्रामीणों का आरोप है कि महिला के बेटे ने ही घर में आग लगाकर उसे जिंदा जला दिया। कुछ लोगों का यह भी दावा है कि महिला के हाथ कटे हुए थे और मुंह तार से बंधा हुआ था, जिसके बाद आग लगाई गई।
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना की सूचना डायल 112 पर स्वयं मृतका के बेटे द्वारा दी गई थी। हालांकि पुलिस जांच में शक की सुई उसी की ओर घूम रही है और उसकी तलाश की जा रही है।
स्थानीय पूर्व सरपंच अनिल यादव ने बताया कि आग लगने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जांच में जुटी पुलिस
एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि प्रथम दृष्टया घर में आग लगने से महिला की मौत हुई है। आग कैसे लगी और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है। ग्रामीणों द्वारा पुत्र पर आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन घटना को किसी ने प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी पुत्र की तलाश जारी है।
