महिला दिवस पर तेंदूखेड़ा कृषि उपमंडी में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम सम्पन्न

तेंदूखेड़ा — अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तेंदूखेड़ा कृषि उपमंडी परिसर में महिला सशक्तिकरण को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसडीओपी अर्चना अहीर रहीं, जिन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं को आत्मरक्षा, कानून और पुलिस की मदद लेने के तरीकों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी पूजा ठाकुर, सरपंच संघ की अध्यक्ष नीतू साहू, रश्मि साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता सींग तथा पूर्व जिला उपाध्यक्ष कौशल्या मेमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी वक्ताओं ने महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मानव जीवन विकास समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को समाज में बराबरी का अधिकार देने के साथ-साथ उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी शामिल किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही और उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अंत में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
