जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा की ग्राम पंचायत सर्रा में भ्रष्टाचार चरम पर, सरपंच-सचिव पर लाखों की राशि गबन करने के आरोप

0
Spread the love

: शौचालय, नाडेप और खकरी निर्माण में जमकर हुआ फर्जीवाड़ा; युवाओं ने जनपद सीईओ को सौंपकर की निष्पक्ष जांच की मांग।

तेंदूखेड़ा (दमोह)।
जिला दमोह की जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सर्रा में सरपंच और सचिव की जुगलबंदी के चलते विकास कार्यों में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में कोई भी निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो रहा है, और जो कार्य किए जा रहे हैं, उनमें अत्यंत घटिया और गुणवत्ताहीन सामग्री का खुलकर उपयोग किया जा रहा है। अधिकारियों के संरक्षण के चलते सरपंच-सचिव बेखौफ होकर शासकीय राशि का दुरुपयोग कर रहे हैं।

3 साल से अधूरा पड़ा है सामुदायिक शौचालय, कागजों में बन गए नाडेप

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत में स्वीकृत हुआ सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य विगत तीन वर्षों से अधर में लटका हुआ है और आज तक पूर्ण नहीं हो सका है। इतना ही नहीं, पंचायत में 25 भू-नाडेप एवं सोखता गड्ढे स्वीकृत किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि मौके पर केवल 6 ही नाडेप बनाए गए हैं। भ्रष्टाचार का आलम यह है कि एक ही नाडेप को चार अलग-अलग जगहों पर दर्शाकर पूरी शासकीय राशि का आहरण कर लिया गया और इस राशि का उपयोग सरपंच-सचिव द्वारा अपने निजी हितों में किया गया।

खकरी निर्माण और साफ-सफाई में भी लाखों की लूट

पंचायत में हुए अन्य कार्यों की परतें उघाड़ते हुए ग्रामीणों ने बताया कि पशु अवरोधक खकरी निर्माण कार्य में भी लाखों रुपए का भारी फर्जीवाड़ा अंजाम दिया गया है। इसके साथ ही, गांव में साफ-सफाई के नाम पर फर्जी बिल और वाउचर लगाकर लाखों रुपए की सरकारी राशि की खुली लूट की गई है। वर्तमान में जो सीसी रोड (सड़क) का निर्माण कार्य किया गया है, उसकी गुणवत्ता इतनी खराब है कि वह अभी से उखड़ने लगी है। घटिया मटेरियल के उपयोग से शासन के पैसे का पूरी तरह दुरुपयोग हो रहा है।

युवाओं ने खोला मोर्चा, जनपद सीईओ से की शिकायत

सरपंच और सचिव की इस तानाशाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ अब गांव के युवाओं ने मोर्चा खोल दिया है। ग्राम पंचायत सर्रा के जागरूक युवा अनूप (पिता चेतराम कुर्मी) ने इस पूरे मामले को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा को एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है। आवेदन के माध्यम से अनूप कुर्मी ने मांग की है कि ग्राम पंचायत सर्रा में चल रहे और पूर्व में हुए सभी निर्माण कार्यों में बरती गई वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए।

इनका कहना है:

“ग्राम पंचायत सर्रा में जनता के पैसे का दुरुपयोग कर सरपंच-सचिव अपनी जेबें भर रहे हैं। हर काम में फर्जीवाड़ा है। हमने जनपद सीईओ साहब को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर एफआईआर (FIR) दर्ज कराने की मांग की है। यदि जल्द जांच नहीं हुई तो हम उग्र आंदोलन करेंगे।”
— अनूप कुर्मी, शिकायतकर्ता एवं युवा ग्रामीण


#

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *