
तेंदूखेड़ा। एम बी के चिल्ड्रंस पैराडाइज स्कूल तेंदूखेड़ा में होली उत्सव का ग्यारहवां वर्ष बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रारंभिक वर्षों से ही होली का यह पावन पर्व परंपरागत रूप से मनाया जाता रहा है। इस वर्ष भी छोटे-छोटे बच्चों ने तिलक होली से कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग गीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। एक-दूसरे को गुलाल एवं मुल्तानी मिट्टी लगाकर प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर रंगों और खुशियों से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर प्राचार्य सोनू साहू ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली पूरे भारतवर्ष में मनाया जाने वाला ऐसा त्योहार है, जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी एक साथ मिलकर आनंद मनाते हैं। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि त्योहार की शुरुआत भगवान का स्मरण कर तथा घर के बड़े-बुजुर्गों और माता-पिता का आशीर्वाद लेकर करनी चाहिए।
प्राचार्य ने कहा कि रंगों का यह पर्व तभी और सुंदर बनता है जब हम आपसी ऊंच-नीच और मतभेद भुलाकर प्रेमपूर्वक एक-दूसरे के साथ होली खेलें। साथ ही उन्होंने बच्चों को सावधान करते हुए कहा कि होली मनाते समय पक्के रंग, कीचड़ या हानिकारक पदार्थों का उपयोग न करें। यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में हो तो उससे दूर रहें।

विद्यालय परिवार ने समस्त नगरवासियों से अपील की कि इस बार स्वच्छ और सुरक्षित होली मनाएं तथा यह संकल्प लें — “न खुद नशा करेंगे, न किसी को करने देंगे।”
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी नगरवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
