
तेंदूखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम सलैया सेल्वाड़ा में दिनांक 17 एवं 18 अप्रैल 2026 को भव्य एवं विशाल 24 घंटे का श्री दुर्गा चालीसा पाठ श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन परमहंस योगीराज धर्म सम्राट पूज्य गुरुदेव श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय महासचिव श्री सौरभ द्विवेदी जी का विशेष आगमन हुआ। 24 घंटे तक चले इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से दुर्गा चालीसा का पाठ किया तथा शक्ति जल प्रसाद एवं भंडारे का लाभ प्राप्त किया।
समापन अवसर पर श्री सौरभ द्विवेदी जी के सानिध्य में गांव के लगभग 50 युवाओं ने नशा मुक्त एवं मांसाहार मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया और संगठन की विचारधारा से जुड़ने की प्रतिज्ञा की।
इस दौरान श्री द्विवेदी जी ने अपने संबोधन में कहा कि यदि जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त करनी है तो हमें अपने कर्मों को सुधारना होगा। सत्कर्मों से जुड़कर और नशा व मांसाहार का त्याग कर मां जगत जननी की साधना करने से घर-परिवार में सुख-शांति का वास होता है और जीवन खुशहाल बनता है।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को पंच ज्योति शक्ति तीर्थ सिद्धाश्रम धाम में आने का आह्वान भी किया।
इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दी, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और नशा मुक्ति का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित किया।
